बड़वानी / जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने एवं आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से बड़वानी पुलिस द्वारा “जन-संवाद: आपकी बात पुलिस के साथ” कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिनांक 30.04.2026 को रात्रि में थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा वार्ड क्रमांक 23, टैगोर बेडी में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेंधवा शहर श्री दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर आपसी विश्वास को मजबूत करना तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

सुरक्षा संबंधी सुझाव

नागरिकों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुझाव प्राप्त किए गए तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।

यातायात जागरूकता

युवाओं द्वारा तेज गति से वाहन चलाने एवं मॉडिफाइड साइलेंसर के उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जानकारी दी गई। साथ ही दोपहिया चालकों को हेलमेट एवं चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग हेतु समझाइश दी गई।

 महिला एवं बाल सुरक्षा

महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090 एवं डायल 112 जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई तथा सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।

साइबर अपराध से बचाव

ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए नागरिकों को जागरूक करते हुए व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

 नशा मुक्ति अभियान

क्षेत्र को नशामुक्त बनाने हेतु नागरिकों से सहयोग की अपील की गई एवं अवैध नशे से संबंधित सूचना पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 जनसंवाद का महत्व

जनसंवाद कार्यक्रम प्रशासन एवं नागरिकों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है, जिससे पारस्परिक सहयोग के माध्यम से अपराधमुक्त एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहायता मिलती है।

कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद पुत्र श्री गोपाल भंवरे सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। थाना सेंधवा शहर थाना प्रभारी दिनेश से कुशवाहा व थाना स्टॉफ की भी सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए अपने सुझाव साझा किए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *