बड़वानी  / कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने गुरुवार पाटी विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर विकास कार्यों और निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं का धरातल पर निरीक्षण किया। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने परिक्रमावासियों की सुविधाओं से लेकर क्षेत्र की महत्वाकांक्षी सिंचाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

नर्मदा परिक्रमावासियों के लिए बनेगा सर्वसुविधायुक्त आश्रय स्थल

ग्राम बोरखेड़ी में नर्मदा परिक्रमा पथ का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने परिक्रमावासियों की सुविधा हेतु निर्मित किए जाने वाले आश्रय स्थल की कार्ययोजना देखी। उन्होंने मौके पर उपस्थित वन, राजस्व एवं जनपद पंचायत के अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निवाली सूक्ष्म उद्ववहन सिंचाई परियोजना के कार्यो का किया निरीक्षण

नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण अंतर्गत प्रगतिरत निवाली सूक्ष्म उद्ववहन सिंचाई परियोजना की जमीनी प्रगति जानने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती सिंह ग्राम बोरखेड़ी, अंजराडा और गंधावल पहुँचीं। उन्होंने ग्राम अंजराडा में पाइप पेंटिंग यार्ड का निरीक्षण कर  एनवीडीए द्वारा किए जा रहे पाइप कोटिंग और पेंटिंग कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया गया। श्रीमती सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तकनीकी मानकों और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर बल दिया गया।

ग्राम गंधावल में पाइप लाइन विस्तार कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी एवं विभाग के अधिकारियों को कार्यक्षमता बढ़ाकर कार्य की गति बढ़ाने और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किए जा रहे कार्य की क्वालिटी टेस्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। ज्ञात हो कि 1088.24 करोड़ रुपये की निवाली सूक्ष्म उद्ववहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन मुख्यमंत्री द्वारा जनवरी 2025 में किया गया था। इस परियोजना से जिले के 87 ग्रामों में लगभग 33 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। परियोजना अंतर्गत तहसील पाटी के ग्राम बोरखेड़ी के समीप से नर्मदा नदी के जल को 2.60 मीटर व्यास की पाईप लाईन के माध्यम से 465 मीटर की उंचाई तक जल उद्वहन किया जायेगा। दाबयुक्त जल से कृषक स्प्रिंकलर/ड्रिप के माध्यम से सिंचाई का लाभ ले सकेंगे एवं कम जल से अधिक सिंचाई का लाभ मिलेगा। इस पद्धति से सिंचाई हेतु किसानों को भूमि समतल करने की आवश्यकता नही होगी। परियोजना के मुख्य पाईप लाईन की कुल लंबाई 40.183 किलोमीटर है। परियोजना से तहसील पाटी के 29 ग्राम, बड़वानी के 26 ग्राम और निवाली के 32 ग्रामों के कृषक लाभान्वित होंगे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, एसडीएम बड़वानी श्री भूपेंद्र रावत सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *