बड़वानी / वर्ष 2028 में उज्जैन की पावन नगरी में आयोजित होने वाले ‘सिंहस्थ महापर्व’ को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार बड़वानी पुलिस ने अभी से अपनी कमर कस ली है। इसी तारतम्य में आज जिला मुख्यालय पर पुलिस बल के लिए एक छह दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई।
इस अवसर पर जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने बताया कि सिंहस्थ एक अत्यंत विशाल और ऐतिहासिक सांस्कृतिक महापर्व है, जहां देश-विदेश से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और पर्यटक आते हैं। इस महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आवासीय व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में बड़वानी जिला पुलिस भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगी।
यातायात, आवासीय प्रबंधन और सॉफ्ट स्किल्स पर रहेगा जोर
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भौगोलिक दृष्टि से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़वानी जिला एक मुख्य प्रवेश मार्ग (रूट) रहेगा। अतः यहाँ से गुजरने वाले यात्रियों की सहायता, सुगम यातायात प्रबंधन और उनके ठहरने (आवासीय) की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस बल को विशेष तौर पर तैयार किया जा रहा है। हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बाहर से आने वाले हर एक दर्शनार्थी को पुलिस की ओर से हर संभव सहायता, सम्मान और सुरक्षित माहौल मिल सके।
शत-प्रतिशत पुलिस बल को मिलेगा प्रशिक्षण (TOT मॉडल)
इस विशेष अभियान के तहत बड़वानी जिले के शत-प्रतिशत पुलिस बल को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम चरण में जिले के कुल पुलिस बल के 5% हिस्से (जिसमें महिला और पुरुष दोनों वर्गों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं) को एक साथ ट्रेनिंग दी जा रही है।
यह पूरा कार्यक्रम *टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ द ट्रेनर्स)* मॉडल पर आधारित है। इसमें तैयार किए गए मास्टर ट्रेनर्स (प्रशिक्षक) जिले में पदस्थ शत-प्रतिशत बल को 6 दिवसीय प्रशिक्षण मॉडल के अनुसार आगे प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए एक विस्तृत शिक्षण कौशल मॉडल, ट्रेनिंग कैलेंडर और दिशा-निर्देश तैयार किए जा चुके हैं। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तब तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जब तक जिले का आखिरी जवान भी प्रशिक्षित नहीं हो जाता।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी मौजूदगी
प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी अजाक श्रीमती निलेश्वरी डावर, कमांडेड होमगार्ड श्री सरसचन्द्र राय, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल सहित विभाग के सभी प्रमुख अधिकारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। ये सभी वरिष्ठ अधिकारी प्रशिक्षण सत्रों के दौरान पुलिस बल का मार्गदर्शन और मॉनिटरिंग करेंगे।
