बड़वानी  / पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में संचालित “रक्षा सखी” अभियान के अंतर्गत दिनांक 01-06-2026 की रात्रि में चुना भट्टी, बड़वानी में महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखने, बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति से बचने तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य ऑनलाइन अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया गया कि यदि वे किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी अथवा साइबर अपराध का शिकार होती हैं तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। इसके अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं डायल-112 की जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्परिणामों, यातायात नियमों के पालन तथा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में डीएसपी अजाक श्रीमती नीलेश्वरी डावर, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता मुजाल्दा, उप निरीक्षक रचना तोमर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *