बड़वानी / राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी के होनहार छात्र केशव गुप्ता, पिता श्री अनिल गुप्ता, ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया जनरल रैंक (CRL) 3429 तथा EWS श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक 398 प्राप्त की है। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय, परिवार एवं समूचे बड़वानी जिले में हर्ष का वातावरण है।
केशव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन एवं अथक परिश्रम को दिया है। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री माधव खंडेलवाल ने केशव गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि केशव ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ निश्चय और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने केशव गुप्ता तथा उनके अभिभावकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में सफल अध्ययन हेतु मंगलकामनाएँ व्यक्त की हैं।
राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी परिवार की ओर से केशव गुप्ता एवं उनके माता-पिता को इस गौरवपूर्ण सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।
