बड़वानी / अखिल निमाड़ लोक परिषद ने वर्ष 2025-26 के 26वें वार्षिक सम्मान समारोह के पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। निमाड़ी दिवस के अवसर पर 19 सितंबर 2026 को गायत्री मंदिर वृक्ष तीर्थ, मेहरजा, खरगोन में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में बड़वानी के युवा उद्यमी एवं समाजसेवी श्री आनंद हल्दीवाल को प्रतिष्ठित “निमाड़ गौरव सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में पद्मश्री जगदीश जोशीला एवं परिषद के अध्यक्ष हरीश दुबे सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। परिषद द्वारा इस वर्ष कुल 25 विभिन्न सम्मान प्रदान किए जाएंगे, जिनमें “निमाड़ गौरव सम्मान” प्रमुख सम्मानों में शामिल है।
बड़वानी संयोजक राजीव वर्मा ने बताया कि आनंद हल्दीवाल ने उद्यमिता के साथ ही सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। साईं बाबा जीवनधारा हॉस्पिटल, वैष्णोदेवी मंदिर एवं गौशाला ट्रस्ट से जुड़े कार्यों में उनके योगदान और समर्पण से निमाड़ क्षेत्र परिचित है। सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी सक्रियता और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है।
श्री आनंद हल्दीवाल को “निमाड़ गौरव सम्मान” मिलने की घोषणा पर वरिष्ठ साहित्यकार प्रबोध मिश्र ‘हितैषी’, डॉ. प्रकाश चंद्र यादव, डॉ. मंजुला जोशी, अनिल जोशी, राम शर्मा “परिन्दा”, रमेशचंद्र सराफ, रघुवीर सोलंकी, प्रवीण पुरोहित, भारत चांदौरे, संजय यादव, रामचंद्र रघुवंशी, एलेक्स थॉमस, सियाराम रावत, हीरालाल चोयल सहित शहर के विभिन्न संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
