नई दिल्ली। Delhi CAA Protest: नागरिकता संशोधन एक्ट (Citizenship Amendment Act) के खिलाफ दिल्ली झुलस रही है। इसके विरोध में प्रदर्शन हिंसा का रुप लेने लगे हैं। इस बीच आज का दिन दिल्ली पुलिस के लिए काफी चुनौती भरा रह सकता है। CAA के खिलाफ दिल्ली में कई जगह प्रदर्शन होने की जानकारी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जुमे की नमाज के बाद दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी की जा रही है। सामने आ रही खबरों के मुताबिक पुलिस को मिले इनपुट के अनुसार इन विरोध प्रदर्शनों में आसामाजिक तत्व शामिल होकर तोड़फोड़, आगजनी और दंगा भड़काने की कोशिश भी कर सकते हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने हर चुनौती से निपटने के लिए अपनी पुख्ता तैयारी कर ली है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कही यह बात

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर को पत्र लिखते हुए लगभग 60 अकाउंट्स से आपत्तिजनक सामग्री हटाने को कहा है। यह कंटेंट CAA के खिलाफ अफवाहें फैला रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वह ऐसे सोशल अकाउंट्स की जानकारी दें जो कि CAA को लेकर भ्रांति फैला रहे हैं। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल उन सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की निगरानी जो अफवाहें फैलाने में लगी है।

पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

दिल्ली में बिगड़ रहे हालातों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इसके साथ ही गृह मंत्रालय से भी अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है। दिल्ली के कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है।

कई इलाकों में बंद रह सकता है इंटरनेट

सोशल मीडिया के जरिये तेजी से अफवाहें फैलती हैं, ऐसे में कई बार यह अफवाहें हिंसा की वजह बन जाती हैं। इसे देखते हुए कई संवेदनशील इलाकों में आज इंटरनेट सेवा बंद रह सकती है।

मेट्रो स्टेशन आज खुले

दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जामिया मिलिया इस्लामिया और जमोला विहार शाहीन बाग मेट्रो स्टेशन को आज भी बंद रखा गया था। लेकिन अब उन्हें खोल दिया है। इसके साथ ही अब सभी स्टेशनों पर सेवाएं सामान्य हो गई हैं। बता दें कि गुरुवार को स्थिति बिगड़ने पर 19 मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *