नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को एक रैली संबोधित किया।नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच पीएम मोदी की यह पहली रैली है। पीएम मोदी ने ‘विविधता में एकता, भारत की विशेषता’ का नारा लगवाकर अपना संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अवैध कालोनियों के विकास में कई रोड़े अटकाए गए। जीवन से जब अनिश्चितता निकल जाती है, एक बड़ी चिंता हट जाती है तो उसका प्रभाव क्या होता है, ये मैं आज आप सभी के चेहरों पर देख रहा हूं। आपके उत्साह में देख रहा हूं। यह रामलीला मैदान है, ये अनेक अवसरों का साक्षी रहा है। हम सभी को आशीर्वाद देने के लिए देश के कोने-कोने से लोग आए हैं, आप सबका बहुत-बहुत धन्यवाद।
धीमी रफ्तार से न काम चलेगा, न चलने दूंगा
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने ईमानदारी नहीं दिखाई। समस्या को दूर करने करने की नीयत नहीं दिखाई। दिल्ली के 40 लाख लोगों के जीवन में नया सवेरा आया है। धीमी रफ्तार से न काम चलेगा, न चलने दूंगा। दिल्ली की बड़ी आबादी डर के साये में जी रही थी।
पीएम मोदी ने कहा कि गैर कानूनी, अवैध, जेजे क्लस्टर, सीलिंग, बुलडोर जैसे शब्दों के ईर्द-गिर्द एक बड़ी आबादी का जीवन सिमट गया था। चुनाव आते थे तो तारीख बढ़ जाती थी। बुलडोजर का पहिया रुक जाता था, लेकिन समस्या वहीं की वहीं रह जाती थी। हालत यह थे कि ये लोग कॉलोनियों से जुड़ी छोटी-छोटी जानकारियां जुटाने के लिए, सीमा तय करने के लिए मांग कर रहे थे कि 2021 तक समय बढ़ा दो। बेशर्म होकर कहते हैं 2021 तक कुछ नहीं कर पाएंगे।
पोर्टल पर डाले जा चुके हैं घरों के नक्शे
यह देखकर मैंने कहा ऐसा नहीं चलने दूंगा। इसलिए हमने इस साल मार्च में खुद अपने हाथ में लिया और इस अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर में प्रक्रिया पूरी की और अभी संसद के सत्र में बिल पास कराया जा चुका है। इतने कम समय में टेक्नॉलजी की मदद से दिल्ली की 17 सौ से ज्यादा कॉलोनियों की सीमा को चिन्हित करने का काम पूरा किया जा चुका है। 12 सौ से ज्यादा कॉलोनियों के नक्शे पोर्टेल पर डाले जा चुके हैं।
दिल्ली के रामलीला मैदान पर आयोजित रैली में पीएम मोदी के अलावा कैबिनट मंत्री और एनडीए के विभिन्न मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने पर हो रही धन्यवाद रैली में प्रदेश भाजपा 11.5 लाख धन्यवाद हस्ताक्षर वाले पत्र भी उन्हें सौंपा गया। दिल्ली में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गैर-चुनावी रैली की।
