सुरेंद्र सिंह शेरा ने गृहमंत्री बनने की इच्‍छा जताई

भोपाल MP News कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह की भोपाल वापसी और वरिष्ठ नेताओं से मेल-मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को दिल्‍ली में कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद कमलनाथ ने कहा कि जाे मार्गदर्शन सोनिया गांधी ने दिया है उसका पूरी तरह पालन करुंगा। कमलनाथ की इससे पहले ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया से मुलाकात की भी जानकारी मिली है। कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी से अब रहा नहीं जा रहा। 15 वर्षों के दौरान उन्‍होंने जो भ्रष्‍टाचार किया है वह अब उजागर हो रहा है इससे वे क्षुब्‍ध हैं।

कमलनाथ रविवार देर शाम नई दिल्ली रवाना हो गए थे। समझा जाता है कि वे पार्टी नेताओं से राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार, कैबिनेट विस्तार और मौजूदा राजनीतिक हालातों पर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

वहीं प्राप्‍त जानकारी के अनुसार सिंधिया गुट के एक दर्जन से अधिक विधायकों और मंत्रियों के बेंगलुरु जाने की अपुष्‍ट खबरें सामने आ रही हैं। कुछ विधायकों के माेबाइल भी बंद बताए जा रहे हैं। प्रदेश के खुफ‍िया विभाग ने इस बात की पुष्टि की है कि सिंधिया खेमे के मंत्री और विधायक चार्टर्ड प्‍लेन से बेंगलुरु भेजे गए हैं। मंत्री तुलसी सिलावट,महेंद्र सिसोदिया के मोबाइल बंद हैं। वहीं मंत्री डॉक्‍टर गोविंद सिंह को लेने विशेष विमान ग्‍वालियर भेजा गया है। साथ पशुपालन मंत्री लाखन‍ सिंह भी हैं। एक अन्‍य जानकारी के अनुसार सिंधिया और कमलनाथ एक साथ भोपाल पहुंचने वाले हैं।

छिंदवाड़ा का कार्यक्रम रद्द

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश की सियासत में तेजी से घट रहे घटनाक्रम को देखते हुए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने लगातार मंत्रियों और विधायकों से संवाद कर रहे थे। रविवार को उन्हें छिंदवाड़ा जाना था, लेकिन उन्होंने इसे निरस्त कर दिया था। मुख्यमंत्री निवास में वे दिनभर मंत्री, विधायक और नेताओं से मिलते रहे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ भी बैठक की। इसमें मुख्य सचिव सुधिरंजन रंजन मोहंती भी मौजूद थे। देर शाम बेंगलुरु से कांग्रेस विधायक बिसाहूलाल सिंह इंदौर होते हुए भोपाल आए और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इसके बाद वे रात साढ़े आठ बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

सुरेंद्र सिंह शेरा ने गृहमंत्री बनने की इच्‍छा जताई

दूसरी ओर विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा ने गृहमंत्री बनने की इच्‍छा जताई है। एक समाचार चैनल से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि वर्तमान गृहमंत्री बाला बच्‍चन में क्षमता नहीं है। वे पुलिस को पब्लिक फ्रेंडली बनाना चाहते हैं। उनके बयान के बाद गृहमंत्री बाला बच्‍चन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी शेरा को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं हैं। शेरा भाई की राजनीति करने का तरीका अलग है। मंत्रालय देने का काम सीएम और हाईकमान का है। वे मंत्री बनें और ऊंचे ओहदे पर पहुंच जाएं। एक मित्र के नाते हम साथ काम करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *