प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम छह बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। खुद प्रधानमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर यह जानकारी दी। पीएम मोदी ने लिखा, ‘आज शाम 6 बजे राष्ट्र के नाम संदेश दूंगा। आप जरूर जुड़ें।’ इसके साथ ही अटकलों का दौर भी जारी हो गया है कि पीएम मोदी क्या बोलेंगे। माना जा रहा है कि पीएम मोदी कोरोना के खिलाफ जारी जंग के बारे में कुछ कह सकते हैं। कोरोना के खिलाफ भारत की स्थिति बाकी देशों से बहुत अच्छी है। इसके अलावा चीन से तनातनी जारी है। नवरात्र और आने वाले त्योहारी सीजन के बारे में भी पीएम मोदी कुछ बोल सकते हैं। हाल ही में खबर आई थी कि सरकार त्योहारों से पहले एक और आर्थिक पैकेज का ऐलान कर सकती है। पीएम मोदी के संबोधन को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं कुछ लोग पीएम के इस संबोधन को बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़कर भी देख रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने पिछले राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में भारत की स्थिति दूसरे देशों से बेहतर है। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि यदि लापरवाही बरती गई तो नुकसान भी हो सकता है। पीएम ने कहा था, कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ते हुए अब हम Unlock 2.0 में प्रवेश कर रहे हैं।
