बड़वानी /एक तरफ लोग पीड़ित वंचित शोषित वर्ग के लिए अपना तन-मन-धन समर्पित कर सेवा कार्य में जुटे हैं। वही दूसरी ओर ऐसे लोग भी समाज में मौजूद हैं जो वंचित-शोषित एवं निराश्रित वृद्धों के नाम से अपना पेट भर रहे हैं। ऐसा ही एक खुलासा बड़वानी कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा के निर्देश पर एसडीएम श्री घनश्याम धनगर के द्वारा उज्जवल मेडिकल फाउंडेशन कपड़ना महाराष्ट्र के द्वारा बड़वानी के नवलपुरा में संचालित वृंदावन माॅ वृद्ध आश्रम में औचक निरीक्षण करने पर हुआ।
एसडीएम बड़वानी श्री घनश्याम धनगर से प्राप्त जानकारी अनुसार संस्था के निरीक्षण के दौरान मौके पर मात्र दो महिला, वृद्ध के रूप में पाई गई। जिनसे जानकारी लेने पर उन्होने बताया कि उन्हें 100 रुपए रोज मजदूरी देकर यहां लाया जाता है। जबकि वृद्ध आश्रम के रिकॉर्ड में 50 वृद्ध महिलाएं दर्ज हैं।
वृद्ध महिला श्रीमती निर्मला बाई और श्रीमती सेवंती बाई ने बताया की हम नवलपुरा की ही रहने वाली हैं तथा प्रातः 9 बजे अपने घर से खाना खाकर यहां आ जाती हैं और शाम 5 बजे वापस अपने घर चली जाती हैं। हमारे मोहल्ले से इस कार्य हेतु 8-10 महिलाएं आती हैं हमारे आने के दिन बंधे हुए हैं।
निरीक्षण के दौरान महिलाओं के रूम में भी अव्यवस्था पाई गई वही आश्रम में किचन भी संचालित नहीं हो रहा है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा गार्ड कमल गोले और खानसामा श्रीमती अंजलि जमरे ही मिले। बाकी 9 कर्मचारी भी अनुपस्थित पाए गए। वृद्धों से जानकारी में ज्ञात हुआ कि रोज यही दो कर्मचारी ही रहते हैं। जबकि केंद्र सरकार से लगभग साढ़े ग्यारह लाख रुपए का अनुदान वृंदावन माॅ वृद्ध आश्रम को प्राप्त हो चुका है। संस्था में यह अनियमितता पाई जाने पर एसडीएम श्री धनगर ने आश्रम के शशिकांत पाटील और कमल गोले को अपने समक्ष थाने भेजा गया। इस दौरान महिलाओं ने एसडीएम को बताया कि पूर्व में जब अधिकारियों का दल संस्था के निरीक्षण पर आया था, उस वक्त संस्था के पदाधिकारियों ने 35 महिलाओं को मजदूरी पर बुलाकर प्रस्तुत किया था और इन महिलाओं को समझाया था कि पूछने पर बताएं कि वह आश्रम में ही निवासरत हैं।
जबकि एसडीएम के निरीक्षण के दौरान मात्र दो महिलाएं मिली जिनकी भी आयु पूछने पर 50 वर्ष पाई गई। एसडीएम श्री घनश्याम धनगर ने बताया की वृंदावन मां वृद्ध आश्रम का संपूर्ण रिकॉर्ड जप्त किया गया है तथा आश्रम संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी । आश्रम का पंचनामा बनाया गया है उचित कार्यवाही के लिए अग्रेषित करेंगे । इस मौके पर जांच दल में उपसंचालक सामाजिक न्याय निशक्तजन कल्याण श्री आर एस गुंडिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कुशल सिंह डोडवे, आरआइ श्री हीरालाल आस्के भी साथ थे।
