कोरोना का खौफ एक बार फिर लौटा आया है। साथ ही पाबंदियों की भी वापसी हो गई है। देश के सभी प्रमुख शहरों में मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि वे शारीरिक दूरी का पालन करें, समय-समय पर अपने हाथों को सेनेटाइजर से साफ करें। इस बीच, जानकार लगातार बता रहे हैं कि भारत में कोरोना का पीक कब आएगा और इस दौरान अधिकतम कितने केस आ सकते हैं। ताजा खबर के मुताबिक, अमेरिका में इंस्टीट्यूट फॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्यूएशन (IHME) के निदेशक और वाशिंगटन विश्वविद्यालय में हेल्थ मेट्रिक्स साइंसेज के अध्यक्ष डॉ क्रिस्टोफर मरे ने कहा है कि भारत में अगले महीने तक COVID-19 का पीक आ सकता है। इस दौरान प्रति दिन पांच लाख केस सामने आ सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इस बार कोरोना की गंभीरता कम होगी।

इससे पहले आईआईटी कानपुर के एक प्रोफेसर ने भी बड़ा दावा किया। प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल ने कहा कि दिल्ली और मुंबई में ओमिक्रोन से संचालित कोरोना मामले जनवरी के मध्य में यानी आज से करीब 10 दिनों में चरम पर पहुंच जाएंगे। यह महामारी मार्च 2022 तक कमजोर पड़ जाएगी। देश के उत्तरपूर्वी हिस्सों में दूसरी लहर के दौरान भी ऐसा ही हुआ था। पीक का मतलब है कि दोनों ही महानगरों में 30 से 50 हजार केस रोज।

प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल का अनुमान है कि भारत में इस महीने के अंत तक कोरोना के मामले पीक यानी चरम पर पहुंच जाएंगे। इस दौरान देशबर में 4 से 8 लाख मामले रोज आ सकते हैं। सख्त लॉकडाउन लगाए जाएंगे, जिससे महामारी कंट्रोल में आएगी। इससे स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर भी उतना बोझ नहीं पड़ेगा और धीरे-धीरे केस काम होते जाएंगे।महाराष्ट्र उन राज्यों में शामिल हैं जहां हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। महाराष्ट्र में भी मुंबई और पुणे, दोनों शहरों में हालात चिंताजनक बने हुए हैं। पुणे में सकारात्मकता दर 18% तक पहुंच गई है। इसके बाद कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। पुणे में मास्क नहीं पहनने वालों पर ₹500 का जुर्माना लगाया जाएगा, जबकि थूकने वालों पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया जाएगा।

सात महीने बाद इंदौर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 600 पार, मिले 618 संक्रमित

इंदौर शहर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 618 नए संक्रमित मिले। सात महीने बाद शहर में 24 घंटे के दौरान मिले नए संक्रमितों का आंकड़ा 600 पार हुआ है। इसके पहले 25 मई 2021 को अंतिम बार आंकड़ा छह सौ के पार हुआ था। उस दिन शहर में 623 संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को 9180 सैंपलों की जांच की गई। यानी शुक्रवार की संक्रमण दर 6.73 प्रतिशत रही है। शहर में अब तक 31 लाख 93 हजार 453 सैंपलों की जांच की जा चुकी है। इनमें एक लाख 56 हजार 151 संक्रमित मिले हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से एक लाख 52 हजार 533 संक्रमित पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। संक्रमण बढ़ने के साथ ही उपचाररत मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ गया है। फिलहाल शहर में 2221 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। कोरोना की वजह से शहर में अब तक 1397 लोग जान गवा चुके हैं।

गुजरात में 31 जनवरी तक सभी स्कूलकॉलेज बंद

ताजा खबर गुजरात से आ रही है। यहां बढ़ते कोरोना केस देखते हुए 10 शहरों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है और सभी स्कूलों तथा कॉलेज को 31 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। गुजरात में इन प्रतिबंधों को मिनी लॉकडाउन बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अनुसार, अहमदाबाद, आनंद, भावनगर, गांधीनगर, जामनगर, जूनागढ़, नडियाद, राजकोट, सूरत और वडोदरा में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रात का कर्फ्यू लागू रहेगा।

भोपाल में इसी तेजी से बढ़ते रहे कोरोना मरीज तो अगले हफ्ते से वीकेंड पर लग सकता है लाकडाउन

राजधानी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। अगर इसी तेजी से संक्रमित मरीज बढ़ते रहे तो अगले सप्ताह से शनिवार और रविवार का लाकडाउन लगाया जा सकता है। अधिकारियों से चर्चा के दौरान सामने आया कि इस संबंध में दिशा निर्देश प्राप्त हुए है। फिलहाल परीक्षण करवाया जा रहा है, इसके बाद निर्णय लिया जाएगा।

वीकेंड कर्फ्यू के दौरान नहीं मिलेगी शराब, जानिए किस राज्य में लगा बैन

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली के साथ ही गुजरात, तमिलनाडु और कर्नाटक में वीकेंड कर्फ्यूल लगा दिया गया है। यानी शनिवार और रविवार को आम लोगों को घरों में रहना होगा। जरूरी सेवाओं की अनुमति होगी। इस बीच, कर्नाटक सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के मुताबिक, सभी तरह के पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर पाबंदी रहेगी। इस दौरान शराब की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। गाइडलाइन के मुताबिक, शुक्रवार रात 8 बजे से शुरू होकर दो दिनों तक शराब की बिक्री नहीं होगी। खुले स्थानों में 200 लोगों और बंद स्थानों में 100 लोगों के साथ विवाह समारोहों की अनुमति है। रेस्तरां, होटल और भोजनालयों को केवल टेक-अवे और होम डिलीवरी की अनुमति होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *