देश में कोरोना के केस में लगातार कमी आ रही है। सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, लगातार चौथे दिन केस घटे हैं। बीते 24 घंटों में कोरोना के 3,06,064 नए मरीज सामने आए हैं। यह संख्या एक दिन पहले से 27,469 कम है। इस दौरान 439 मरीजों की मौत हुई है, जबकि 2,43,495 महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। अभी देश में 22,49,335 एक्टिव केस हैं। डेली पॉजिटिविटी रेट 20.75% पहुंच गया है। इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार ने ट्वीट कर जानकारी दी कि उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। पवार ने लिखा कि चिंता की बात नहीं है। वे डॉक्टरों के बताए अनुसार दवाएं ले रहे हैं और नियमों का पालन भी कर सकते हैं।
इससे पहले रविवार तक की सूचना के मुताबिक, 2,85,975 नए मामले मिले हैं और 396 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले 3.33 लाख केस मिले थे। कर्नाटक में सबसे अधिक 50,210 नए केस मिले हैं जो महामारी के सामने आने के बाद एक दिन में राज्य में मिले संक्रमितों की रिकार्ड संख्या है। केरल और महाराष्ट्र में भी 40 हजार से ज्यादा मामलों का मिलना जारी है। तमिलनाडु में फिर 30 हजार से ज्यादा केस मिले हैं, लेकिन बंगाल, गुजरात और दिल्ली में मामले घट रहे हैं। दिल्ली में 10 हजार से नीचे केस आए गए हैं और मुंबई में भी पांच हजार से कम नए केस दर्ज किए गए हैं।
मध्य प्रदेश में दूसरे दिन भी घटी कोरोना के मरीजों की संख्या, 10,585 नए मामले, छह की मौत
कोरोना की तीसरी लहर के प्रकोप के दौरान यह राहत की बात है कि प्रदेश में कोराना मरीजों की संख्या लगातार दूसरे दिन भी कम हुई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार रविवार को 80,967 सैंपल की जांच में 10,585 मरीज मिले हैं। छह मरीजों की मौत हुई है। इनमें चार इंदौर, एक भोपाल और एक जबलपुर में है। शनिवार को कुल 83,365 सैंपल की जांच में प्रदेश में 11,253 मरीज मिले थे। शुक्रवार को कोरोना के 11,274 नए मरीज सामने आए थे।
उधर, इस बीच एक चिंता बढ़ाने वाली बात यह है कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों का आंकड़ा एक हजार से ऊपर पहुंच गया है। फिलहाल 1034 पॉजिटिव और 145 संदिग्ध मरीज प्रदेश के अस्पतालों में भर्ती हैं। इसके साथ-साथ सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी सत्तर हजार के करीब पहुंच गया है।

