शशि थरूर भी अध्यक्ष पद की रेस में हैं, लेकिन अशोक गहलोत के पीछे हट जाने के बाद दिग्विजय सिंह का रास्ता साफ माना जा रहा है। अशोक गहलोत ने आज सोनिया गांधी से मुलाकात की और इसके बाद चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया।
दिल्ली / कांग्रेस में नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। ताजा खबर यह है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है। वहीं दिग्विजय सिंह ने आज नामांकन पत्र ले लिया है। वे कल नामांकन दाखिल करेंगे। शशि थरूर भी अध्यक्ष पद की रेस में हैं, लेकिन अशोक गहलोत के पीछे हट जाने के बाद दिग्विजय सिंह का रास्ता साफ माना जा रहा है। अशोक गहलोत ने आज सोनिया गांधी से मुलाकात की और इसके बाद चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया।
वहीं राजस्थान में चल रहे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी दिल्ली में थे। इससे पहले दिग्विजय सिंह को लेकर कहा जा रहा था कि वे नामांकन जरूर भर रहे हैं, लेकिन प्रचार नहीं करेंगे। दिग्विजय सिंह अभी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ों यात्रा में व्यस्त हैं और वहीं काम करते रहेंगे। दिग्विजय सिंह को यह संदेश देने के लिए अध्यक्ष पद की रेस में लाया गया है कि कांग्रेस में कोई भी चुनाव लड़कर अध्यक्ष बन सकता है। हालांकि अशोक गहलोत के रेस से बाहर होने के बाद दिग्विजय सिंह का रास्ता साफ हो गया है।
राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका वाड्रा का नाम
राहुल गांधी स्पष्ट कर चुके हैं कि इस बार गांधी परिवार का कोई सदस्य पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनेगा। इसके बावजूद प्रियंका वाड्रा को शीर्ष पद की दौड़ में लाने की मांग बढ़ रही है। कांग्रेस सांसद अब्दुल खालिक ने कहा है कि प्रियंका शादीशुदा है, इसलिए वह अब गांधी नहीं रही, जिससे वह चुनाव लड़ने के योग्य हो गई हैं।
