गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के कर्ताधर्ता अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में ऐलान किया कि पूर्व पत्रकार और पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव इसुदान गढ़वी गुजरात में पार्टी के उम्मीदवार होंगे। इसके लिए पार्टी ने पूरे गुजरात में सर्वे करवाया है। पार्टी ने वोट देने के लिए एक फोन नंबर जार किया था। सर्वे में हिस्सा लेने के लिए 3 नवंबर शाम 5 बजे तक का समय दिया गया था। आप ने पंजाब में भी इसी तरह का सर्वे करवाया था, जिसके बाद भगवंत मान को सीएम उम्मीदवार घोषित किया गया था।

जानिए कौन हैं इसुदान गढ़वी

गढ़वी गुजरात के सबसे लोकप्रिय टीवी पत्रकारों और एंकरों में से एक रहे हैं। समर्थकों में उनकी छवि ‘नायक’ की है। 40 वर्षीय गढ़वी द्वारका जिले के पिपलिया गांव से रहने वाले हैं। उनका परिवार एक आर्थिक रूप से मजबूत किसान परिवार हैं। वह गढ़वी जाति से ताल्लुक रखते हैं, जो गुजरात की अन्य पिछड़ी जातियों में शामिल है। गुजरात में ओबीसी की आबादी 48 प्रतिशत है। इसुदान गढ़वी की लोकप्रियता और साफ-सुथरी छवि उन्हें प्रबल दावेदार बना ही है।

गुजरात में आप के मुख्यमंत्री पद के चेहरे की लड़ाई राष्ट्रीय संयुक्त सचिव इसुदान गढ़वी और गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया के बीच सिमट कर रह गई थी। गोपाल इटालिया हाल के दिनों में चर्चा में रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनके आपत्तिजनक बयानों वाले वीडियो सामने आए हैं।

गुजरात में कब-कब होगी वोटिंग

चुनाव आयोग ने गुजरात के लिए चुनाव शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश की सभी 182 सीटों पर दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के साथ चुनाव नतीजे आएंगे। गुजरात में 27 साल से भाजपा सत्ता में है और इस बार आम आदमी पार्टी के साथ ही कांग्रेस से टक्कर मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *