बड़वानी / आमजन की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायोचित निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित जिले के समस्त थाना परिसरों में भी एक साथ जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, लेन-देन संबंधी प्रकरण, भूमि विवाद, आपसी रंजिश, मारपीट तथा लंबित मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रमुख निर्देश एवं पहल
– समयबद्ध निराकरण: सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी ढंग से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
– संवेदनशील वर्गों को प्राथमिकता: महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं वंचित वर्गों की शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश।
– तत्काल हस्तक्षेप: गंभीर मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों से दूरभाष पर जानकारी लेकर मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई गई।
– जवाबदेही तय: लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं जवाबदेह जांच के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक का संदेश:
“हमारा उद्देश्य ‘देशभक्ति-जनसेवा’ के मूल मंत्र को व्यवहार में उतारना है। प्रत्येक पीड़ित को यह विश्वास होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसे समय पर न्याय मिलेगा। पुलिस-जन विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
— श्री पद्मविलोचन शुक्ल (भा.पु.से.)
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, डीएसपी (अजाक) श्रीमती निलेश्वरी डावर सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
