बड़वानी  / दिनांक 20-04-2026 को चंदन नामक युवक द्वारा अपने पिता की हत्या कर फरार हो जाने की सूचना पर थाना कोतवाली में अपराध धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित कर थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा आरोपी पर ₹10,000/- रुपये का इनाम घोषित किया गया। आरोपी चंदन पिता जगन बड़ोले उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम पीछोड़ी द्वारा आपसी विवाद के चलते अपने पिता की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था।

पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी / डीएसपी श्री महेश सुनैया के मार्गदर्शन में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा बावनगजा एवं आसपास के दुर्गम जंगलों तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सघन सर्च अभियान चलाया गया। दिनांक 21-04-2026 को पुलिस द्वारा घेराबंदी भी की गई थी, किन्तु आरोपी घने जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसी दौरान आरोपी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके दृष्टिगत पीड़ित परिवार के घर पर 24 घंटे स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई थी। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु लगातार संभावित स्थानों पर दबिश एवं निगरानी की कार्यवाही की जा रही थी।

इसी क्रम में दिनांक 25-05-2026 को सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी चंदन आमलाली के जंगल क्षेत्र में छुपा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा क्षेत्र में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान प्रारंभ किया गया। तलाशी के दौरान जंगल में स्थित एक मंदिर के आसपास आरोपी दिखाई दिया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए मंदिर की छत से छलांग लगा दी, किन्तु मौके पर मौजूद पुलिस बल द्वारा तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन, उप निरीक्षक रवि ठाकुर, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह, आरक्षक अजमेर सिंह, संजय सोलंकी, आत्माराम खोड़े, पुरुषोत्तम मण्डलोई, अंतर रावत, हितेंद्र मण्डलोई, पवन मण्डलोई, दीपक वर्मा, योगेश्वर चौहान, नितेश जमरे, दिनेश बैरवा, भूपेश बर्मन, खड़कसिंह, दीपक देवलिया, तारिक रजा, चेतन तथा साइबर टीम से उप निरीक्षक रितेश खत्री, योगेश पाटिल, अर्जुन नरगावे, मड़िया डावर एवं मोनिका पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल द्वारा थाना प्रभारी थाना बड़वानी सहित पुलिस टीम को माला पहनाकर किया सम्मानित।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *