बड़वानी / त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देने वाला पवित्र पर्व ईदुज्जहा गुरुवार को जिला मुख्यालय बड़वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में पूरी अकीदत, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर में “ईद मुबारक” की गूंज सुनाई देती रही। ईदगाह एवं विभिन्न मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने नमाज अदा कर देश, प्रदेश और जिले में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की तथा अच्छी बारिश के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
ईदगाह में उमड़ा जनसैलाब, बच्चों में दिखा उत्साह
पाटी रोड स्थित ईदगाह पर सुबह 7 बजे से ही समाजजन पहुंचने लगे। सफेद कुर्ता-पायजामा पहने बुजुर्गों एवं युवाओं की अनुशासित कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं, वहीं रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों की चहल-पहल ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया। ईदगाह परिसर के बाहर कुल्फी, आइसक्रीम, खिलौनों एवं अन्य दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही।
खुतबे में इंसानियत, भाईचारे और सेवा का संदेश
सुन्नत मुस्लिम जमाअत के शहर सदर कय्यूम कुरैशी की सदारत में मौलाना अब्दुल जब्बार नूरी साहब द्वारा जमीयत का ताऊन कराया गया। मौलाना हबीबुद्दीन साहब ने ईदुज्जहा की नमाज का तरीका एवं पर्व का महत्व बताया। हाफिज सैयद रफीक साहब ने नमाज अदा करवाई, जबकि मौलाना असगर अली साहब ने अपने खुतबे में कुर्बानी के वास्तविक उद्देश्य, इंसानियत, भाईचारे एवं जरूरतमंदों की मदद का पैगाम दिया। इसके बाद सामूहिक दुआ में हजारों हाथ उठे।
जामा मस्जिद एवं जिला जेल में भी हुई नमाज
ईदगाह नहीं पहुंच सके लोगों के लिए एम.जी. रोड स्थित जामा मस्जिद में दो शिफ्ट में नमाज अदा की गई। पहली नमाज हाफिज इमरान साबरी एवं दूसरी नमाज हाफिज नवेद साहब ने पढ़ाई। वहीं जिला जेल में भी बंदियों के लिए हाफिज नूर मोहम्मद साहब द्वारा विशेष नमाज अदा करवाई गई।
समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने दी मुबारकबाद
इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष अब्दुल सादिक चंदेरी, आरिफ शेख इकरा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे तथा सभी को ईदुल अदहा की मुबारकबाद दी। बड़वानी पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी असद खान ने भी जिलेवासियों को ईद की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वरिष्ठ अधिवक्ता कमरुज्जमा शेख द्वारा गाय के भारतीय समाज एवं हिंदू धर्म में विशेष महत्व को लेकर जानकारी साझा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु बड़वानी पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। ईदगाह मार्ग, मस्जिदों एवं प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम भूपेंद्र रावत, एसडीओपी महेश सुनैना, टीआई बलजीत बिसेन, तहसीलदार हितेंद्र भावसार सहित पुलिस, राजस्व एवं यातायात विभाग का अमला लगातार मुस्तैद रहा। शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न होने पर आमजन ने प्रशासन की सराहना की।
दिनभर चलता रहा मुबारकबाद का सिलसिला
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। घरों में सेवइयों एवं विभिन्न पकवानों की मिठास के बीच पूरे शहर में उल्लास और भाईचारे का वातावरण बना रहा। सुन्नत मुस्लिम जमाअत के सेक्रेटरी फजलुर्रहमान शेख ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया, शासन-प्रशासन, नगरपालिका तथा बड़वानी की आम जनता का सहयोग एवं शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
