बड़वानी / पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के उद्देश्य से आज दिनांक 18.06.2026 को थाना सेंधवा शहर परिसर में थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह द्वारा नगर की ताजिया निर्माण करने वाली समितियों, संदल कमेटी के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आगामी ताजिया जुलूस एवं दिनांक 24 जून को निकलने वाले संदल जुलूस की व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं प्रशासनिक नियमों के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी द्वारा आयोजकों को निर्देशित किया गया कि सभी जुलूस निर्धारित समय एवं तय मार्ग से ही शांतिपूर्वक निकाले जाएं। ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने तथा माननीय न्यायालय की गाइडलाइन के अनुसार सीमित ध्वनि स्तर पर साउंड सिस्टम का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की अपील करते हुए बताया गया कि पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है। साथ ही संदल एवं ताजिया कमेटियों को अपने-अपने स्तर पर वालंटियर तैनात करने के लिए कहा गया, जिससे जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन को व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।
थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह ने कहा कि सेंधवा हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब एवं आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है। सभी नागरिक एवं आयोजक प्रशासन का सहयोग करें, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में उपस्थित संदल एवं ताजिया कमेटियों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा सभी आयोजन पारंपरिक हर्षोल्लास एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान पर थाना स्टाफ, कमेटियों के सदर, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
