बड़वानी / मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल निर्देशन में जिलेभर में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक व्यापक साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29 जून 2026 को सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के साथ-साथ यातायात नियमों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चे वाहन न चलाएं तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों से लर्निंग लाइसेंस बनवाने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड या ओपन न करें तथा अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करते हुए मोबाइल से उचित दूरी बनाकर पढ़ाई, कौशल विकास एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण पर ध्यान देने का आह्वान किया।
जिले के साइबर एक्सपर्ट श्री रितेश खत्री ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों की कम जानकारी का फायदा उठाकर उन्हें डराने, झूठे प्रलोभन देने अथवा रातों-रात अमीर बनने का लालच देकर ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।
कार्यक्रम के दौरान काउंसलर श्रीमती अनीता चोयल ने विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच की महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
बड़वानी पुलिस द्वारा जिलेभर में साइबर चौपाल, जागरूकता शिविर एवं जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई, साइबर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के पीआरओ सउनि उप निरीक्षक श्री अशद खान, काउंसलर श्रीमती अनीता चोयल, आरक्षक श्री कमल, श्री मडिया, श्री पुरुषोत्तम, विद्यालय के प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
बड़वानी पुलिस का संदेश
“सुरक्षित क्लिक करें, सतर्क रहें, सजग रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।”
