बड़वानी / भारतीय जनता पार्टी के खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। पार्टी संगठन में उन्हें मिली यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निमाड़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। नियुक्ति की घोषणा के बाद खरगोन-बड़वानी सहित पूरे निमाड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह और हर्ष की लहर है। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद श्री पटेल को बधाई दी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।
संघ के अनुशासन और संगठनात्मक संस्कारों से राष्ट्रीय दायित्व तक
सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल का विद्यार्थी जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ाव रहा है। संघ के माध्यम से उन्होंने अनुशासन, संगठन और समाजसेवा के संस्कार प्राप्त किए। उन्होंने नगर कार्यवाह, तहसील शारीरिक शिक्षण प्रमुख, वनवासी कल्याण परिषद सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया।
इसके बाद भाजपा संगठन में उन्होंने जिला महामंत्री, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष तथा भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों पर कार्य किया। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, समर्पण और कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद ने उन्हें एक प्रभावी संगठनात्मक नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित किया।
राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन
सांसद श्री पटेल को पार्टी संगठन द्वारा विभिन्न राज्यों में चुनाव एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाती रही हैं। गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों एवं चुनावी अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 60 विधानसभा सीटों तथा गोवा की 40 विधानसभा सीटों पर पोस्टल बैलेट के दायित्व सहित भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चे के 11 राज्यों के प्रभारी के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई। नमो एप के माध्यम से माइक्रो डोनेशन अभियान में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव की जिम्मेदारी संभालते हुए पूरे देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वर्ष 2023 में सुशासन दिवस के राष्ट्रीय सह-संयोजक के रूप में विभिन्न राज्यों का दायित्व संभाला। वर्ष 2024 में संगठन पर्व के दौरान मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में केंद्रीय पर्यवेक्षक, जिला चुनाव अधिकारी एवं सक्रिय सदस्यता अभियान की प्रदेश टोली के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
सामाजिक सेवा को बनाया जनसेवा का माध्यम
सांसद श्री पटेल ने राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा को भी निरंतर प्राथमिकता दी है। इसी उद्देश्य से सुशीलादेवी उमरावसिंह पटेल सेवा संस्थान, खरगोन-बड़वानी का शुभारंभ 22 जून 2022 को उनकी पूज्य माता की स्मृति में किया गया।
संस्था द्वारा पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, सिकल सेल जागरूकता एवं उन्मूलन तथा टी.बी. मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 200 से अधिक शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से 25 हजार से अधिक लोगों की सिकल सेल जांच, बड़ी संख्या में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण, 2 हजार से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा 2 हजार से अधिक टी.बी. रोगियों को पोषण आहार उपलब्ध कराने का कार्य किया गया है। संस्था प्रत्येक वर्ष 16 फरवरी को सांसद गजेंद्र सिंह पटेल के जन्मदिवस को विशाल स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर के माध्यम से समाजसेवा का संकल्प लेकर कार्यरत है।
सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
श्री पटेल ने सामाजिक समरसता और जनजागरण से जुड़े अनेक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। विश्व मंगल गौ ग्राम यात्रा, शबरी कुंभ, माँ नर्मदा हिंदू सामाजिक कुंभ तथा माँ नर्मदा हिंदू संगम सहित विभिन्न आयोजनों में उन्होंने संगठनात्मक एवं व्यवस्थागत दायित्वों का निर्वहन किया।
“निमाड़ की नैय्या, गज्जू भैया” के नाम से जाते जाते है सांसद पटेल
सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल की लोकप्रियता कार्यकर्ताओं के बीच उन्हें मिले आत्मीय संबोधन “गज्जू भैया” से भी झलकती है। राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने के बाद निमाड़ के कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ता “निमाड़ की नैय्या, गज्जू भैया” जैसे नारों के साथ अपनी खुशी व्यक्त कर रहे हैं।
खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय संगठन में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे निमाड़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि श्री पटेल के अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के संकल्प का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मिलेगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त होने पर सोशल मिडिया के माध्यम से सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊर्जा, दिशा और मजबूती प्रदान करेंगे।
