बड़वानी / पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में फरार अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन हवालात के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना सेंधवा शहर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दो अलग-अलग गंभीर प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
दिनांक 16-06-2026 को थाना सेंधवा शहर पुलिस द्वारा विशेष अभियान के तहत आरोपी समीर पिता सैफुद्दीन मंसूरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ईरानी कॉलोनी सेंधवा, हाल मुकाम चुना भट्टी वार्ड क्रमांक 24 बड़वानी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा दो अलग-अलग प्रकरणों में वारंट जारी किए गए थे, जिनमें वह लगातार फरार चल रहा था। प्रथम प्रकरण अपराध क्रमांक 248/20 धारा 25(1-A) आर्म्स एक्ट का है, जिसमें आरोपी के विरुद्ध स्थाई वारंट जारी किया गया था। द्वितीय प्रकरण अपराध क्रमांक 593/22 धारा 294, 323, 354, 354A भादवि का है, जिसमें आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
थाना सेंधवा शहर की विशेष टीम ने मुखबिर सूचना एवं सटीक रणनीति के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को चुना भट्टी वार्ड क्रमांक 24 बड़वानी से गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तार वारंटी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस द्वारा फरार वारंटियों एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान लगातार जारी है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसी कार्यवाहियां निरंतर की जा रही हैं।
पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सेंधवा शहर निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, उप निरीक्षक श्री संतोष पाटीदार, सहायक उप निरीक्षक श्री कैलाश चौहान एवं आरक्षक 69 रेवाराम अछाले की सराहनीय भूमिका रही।
