बड़वानी / मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “सेफ क्लिक 2.0” अभियान के अंतर्गत बड़वानी जिले में पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के कुशल निर्देशन में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 27 जून 2026 को हरसुख दिगंबर जैन हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में साइबर सुरक्षा विषयक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के साइबर एक्सपर्ट श्री रितेश खत्री ने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार की APK फाइल डाउनलोड या ओपन न करें तथा ऑनलाइन गेम खेलते समय अपनी बैंकिंग या वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करते हुए अपना समय पढ़ाई, कौशल विकास एवं करियर निर्माण में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की कम जानकारी का फायदा उठाकर उन्हें डराने, झूठे प्रलोभन देने या रातों-रात अमीर बनने के सपने दिखाकर ठगी करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।
बड़वानी पुलिस द्वारा समाज को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में साइबर चौपाल, जागरूकता शिविर एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा साइबर जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। सभी उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के पीआरओ ASI श्री अशद खान, काउंसलर श्रीमती अनीता चोयल, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के प्राचार्य श्री दुबे, समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
बड़वानी पुलिस का संदेश:
“सुरक्षित क्लिक करें, सतर्क रहें, साइबर अपराध से बचें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें या निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।”
