बड़वानी / सांसद सेवा केंद्र बड़वानी पर खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने वर्चुअल माध्यम से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। इस दौरान महिलाओं ने विद्यालयीन गणवेश सिलाई कार्य उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे उनकी आजीविका सुचारू रूप से संचालित हो सके।
महिलाओं ने बताया कि वे लंबे समय से गणवेश सिलाई कार्य से जुड़ी रही हैं और इस कार्य के माध्यम से अपने परिवार के आर्थिक सशक्तिकरण में योगदान देती रही हैं। वर्तमान में कार्य नहीं मिलने से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सांसद श्री पटेल ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित स्तर पर विषय को उठाने एवं पात्र स्व-सहायता समूहों को गणवेश सिलाई कार्य उपलब्ध कराने के लिए सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
सांसद श्री पटेल ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना समाज एवं क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक है तथा उनकी आजीविका से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि आज सांसद श्री गजेन्द्रसिंह पटेल के लोकसभा सांसद के रूप में सफल 7 वर्ष पूर्ण हुए हैं। इन सात वर्षों में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क, रेल, पर्यटन, आवास एवं जनकल्याण के क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्यों को गति प्रदान की है। क्षेत्र की जनता के साथ निरंतर संवाद और जनहित के मुद्दों के समाधान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें क्षेत्रवासियों के विश्वास का मजबूत केंद्र बनाया है।
संवाद के दौरान समूह की महिलाओं ने सांसद श्री पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी मांगों के सकारात्मक समाधान की अपेक्षा जताई। सांसद श्री पटेल ने आश्वस्त किया कि महिलाओं के हितों एवं आजीविका से जुड़े विषयों के निराकरण हेतु हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
