बड़वानी  /  जिले में महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत ‘निर्भया रक्षा शक्ति वाहन’ के माध्यम से महिला पुलिस बल द्वारा शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त एवं निगरानी की जा रही है।

संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर महिला पुलिस टीम द्वारा शहर के प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों जैसे बाजार एवं बस स्टैंड पर लगातार गश्त की जा रही है।

उद्देश्य : इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं के मन में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना तथा मनचले एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश स्थापित करना है।

जागरूकता संवाद : भ्रमण के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्राओं से संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उन्हें किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने एवं सहायता नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

त्वरित कार्रवाई : ‘निर्भया रक्षा शक्ति वाहन’ की उपलब्धता से किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बड़वानी पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी महिला या छात्रा को राह चलते कोई परेशान करता है या असुरक्षा महसूस होती है, तो वे निडर होकर पुलिस से संपर्क करें। उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *