बड़वानी / पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में फरार अपराधियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु ऑपरेशन हवालात अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे के पर्यवेक्षण में थाना सेंधवा शहर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
स्थायी वारंटी जीतू उर्फ जितेंद्र खेड़े, निवासी ग्राम पिपालधर, सेंधवा, के विरुद्ध अपराध क्रमांक 321/2019 में धारा 353 एवं 186 भारतीय दंड संहिता के तहत प्रकरण दर्ज है। उक्त प्रकरण में आरोपी लगातार न्यायालय से फरार चल रहा था, जिसके चलते दिनांक 15-12-2025 को माननीय न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था।
मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना सेंधवा शहर पुलिस ने आरोपी की तलाश प्रारंभ की। पुलिस टीम ने ग्राम पिपालधर में योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर फरार स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय के आदेशानुसार अग्रिम कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा जिले में फरार अपराधियों एवं वारंटियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में ऑपरेशन हवालात के तहत पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की लगातार तलाश कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह परिहार, आरक्षक अमर सिंह कन्नोजे, आरक्षक दीपक देवलिया एवं आरक्षक विशाल पाटिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
