बड़वानी / स्वर्गीय राजकुमार खंडेलवाल की 36वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजकुमार खंडेलवाल स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल, बड़वानी में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का सम्मान कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्व राजकुमार खंडेलवाल के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। समारोह के मुख्य अतिथियों में श्री ओम खंडेलवाल (पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष), श्री बलजीत सिंह बिसेन (थाना प्रभारी, बड़वानी पुलिस थाना) एवं सुश्री संतरा निनामा (जिला खेल अधिकारी) उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं तथा शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला।

समारोह में विद्यालय की नर्सरी से कक्षा 12वीं तक प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की जिला मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स्नेहा दावदे एवं पंजा कुश्ती (आर्म रेसलिंग) खिलाड़ी मनोज पटेल का उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने के लिए सम्मान किया गया। अतिथियों ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में केशव गुप्ता का भी विशेष सम्मान किया गया। उन्होंने कक्षा 12 वी बोर्ड परीक्षा में गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया। साथ ही उनका चयन देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) में होने पर अतिथियों ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया। उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया। अतिथियों ने कहा कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री माधव खंडेलवाल ने अपने स्वागत उद्बोधन में स्वर्गीय राजकुमार खंडेलवाल के शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान करना विद्यालय की गौरवशाली परंपरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया तथा आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *