बड़वानी / जिला मुख्यालय बड़वानी स्थित पीएमश्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रांगण में 80वे स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरी गरिमा, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान भोपाल से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सजीव प्रसारण किया गया, जिसके उपरांत कलेक्टर ने संक्षिप्त बधाई संदेश का वाचन किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह पर पुलिस दल, सशस्त्र बल, वन विभाग, जिला होमगार्ड बल तथा एनसीसी सीनियर एवं जुनियर, स्काउट गाईड का दल, शौर्य दल द्वारा मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी प्रदान की गई ।
कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक पीटी प्रदर्शन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

किया गया पुरस्कृत
शस्त्र मार्च पास्ट में जिला महिला पुलिस बड़वानी प्रथम, विशेष सशस्त्र बल बड़वानी द्वितीय तथा ज़िला पुलिस बल बड़वानी तृतीय स्थान पर रहा। जिला होमगार्ड बल को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
वही अशस्त्र मार्च पास्ट में सीनियर में एनसीसी सीनियर बालक दल पीएम श्री महाविद्यालय बड़वानी प्रथम, एनएसएस सीनियर बालिका दल पीएम श्री महाविद्यालय बड़वानी द्वितीय, एनसीसी सीनियर बालिका दल पीएम श्री महाविद्यालय बड़वानी तृतीय तथा एनएस सीनियर बालक दल पीएम श्री महाविद्यालय बड़वानी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वही एनसीसी जूनियर बालक दल उत्कृष्ट विद्यालय बड़वानी प्रथम तथा एनसीसी जूनियर बालिका उत्कृष्ट विद्यालय बड़वानी द्वितीय स्थान पर रहा।
इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल बड़वानी प्रथम, शासकीय कन्या हाई स्कूल बड़वानी द्वितीय, शासकीय पीएम श्री बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 बड़वानी तृतीय स्थान पर रहा। वही एकलव्य मॉडल स्कूल बड़वानी एवं शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेण्डरी स्कूल बड़वानी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में देश की रक्षा में अपना सर्वाेच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के परिजनों को सादर सम्मानित किया गया। समारोह में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह द्वारा ग्राम चाटली निवासी शहीद स्व. राबर्ट मार्टिनसिंह की माता श्रीमति कलादेवीसिंह, ग्राम बघाड़ी के शहीद स्व. श्री संतोष चौहान के पिता श्री हीरालाल चौहान, ग्राम नरावला निवासी शहीद स्व. श्री रमेश बघेल के पिता श्री मगरया बघेल तथा ग्राम कोयड़िया निवासी शहीद निरीक्षक स्व. राजाराम वास्कले की पत्नि श्रीमति पल्लवी वास्कले को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर नमन किया गया।
जिले के विकास एवं उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका का वितरण
जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका का वितरण किया गया, जिसमें जिले में हुए समग्र विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई प्रमुख उपलब्धियों को विस्तृत रूप से दर्शाया गया है।
स्कूली बच्चों के साथ अतिथियों ने किया विशेष भोज

मुख्य समारोह के पश्चात जिला कलक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, सहायक कलेक्टर माधव अग्रवाल, एसडीएम सेंधवा श्री आशीष शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वानी पहुंचकर बच्चों के साथ विशेष भोज में सहभागिता की।
शहीदों को श्रद्धांजलि एवं अन्य आयोजन

समारोह से पूर्व प्रातः नगर की शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत में विजय स्तंभ पर अतिथियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों एवं अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके अतिरिक्त कलेक्टरेट कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक श्री पदम विलोचन शुक्ला ने ध्वजारोहण किया।
