बड़वानी / अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ द्वारा 31 मई विश्व तंबाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर जिलेभर में सप्ताहभर विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला समन्वयक विक्रम जमरे ने बताया कि कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं जनसामान्य में बढ़ती तंबाकू एवं धूम्रपान सेवन की प्रवृत्ति को रोकना तथा इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है, ताकि कैंसर, टीबी, हृदयघात जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।

उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से भी अपेक्षा की गई है कि वे इस अवसर पर तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्परिणामों पर आधारित वाद-विवाद, निबंध लेखन, प्रश्नमंच, चित्रकला, पोस्टर प्रतियोगिता, नाटक, गीत एवं नृत्य जैसे कार्यक्रम आयोजित करें, जिससे युवा एवं आमजन इसके दुष्परिणामों को समझ सकें। साथ ही विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ भी दिलाई जाएगी।

युवा प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक लखन विश्वकर्मा ने बताया कि “व्यसन मुक्त भारत” बनाने के उद्देश्य से गायत्री परिवार द्वारा विगत कई वर्षों से देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और अनेक युवक-युवतियों ने गायत्री परिवार से जुड़कर नशा छोड़कर अपने जीवन को नई दिशा दी है।

जिला सह-समन्वयक दिनेश चौधरी ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि संयुक्त जिला स्तरीय कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर होगा। यहां मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक एवं जनसभा के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तहसील स्तर पर राजपुर प्रभारी राकेश खन्ना, विवेकानंद डावर, ठीकरी के राकेश मेवाड़े, यशवंत यादव, वरला के मनोज पालीवाल, नरेंद्र पाटिल, खेतिया के सनी अग्रवाल, सुमित चौधरी, सेंधवा के प्रिंस वर्मा, चेतन गोयल, पाटी के किशोर सस्ते, कन्हैयालाल, बड़वानी के राजेश पाटीदार, आदर्श पुरोहित एवं संजय सावनेर सहित सभी तहसील प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं एवं जनमानस से इस अभियान में सहभागी बनने और भारत को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *