बड़वानी / मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “सेफ क्लिक 2.0” (Safe Click 2.0)* साइबर जागरूकता अभियान के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वानी में एक विशेष पहल देखने को मिली। बड़वानी पुलिस अधीक्षक (SP) श्री पद्मविलोचन शुक्ल खुद विद्यालय पहुंचे। उन्होंने किसी औपचारिकता या मुख्य अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि स्वयं आगे आकर शिक्षक और अभिभावक की भूमिका में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उन्हें डिजिटल खतरों व सफल करियर निर्माण के संबंध में जागरूक किया।
करियर निर्माण और संस्कारों पर दिया जोर
विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन से ही व्यक्ति को विभिन्न प्रकार के करियर के प्रति जागरूक होना चाहिए। इसके साथ ही समाज एवं देश में व्याप्त विभिन्न प्रकार के मुद्दों और आने वाली समस्याओं को अपनी समझ एवं ज्ञान के अनुसार हल करने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने सफलता का सूत्र देते हुए कहा कि विद्यार्थी किसी भी करियर का चुनाव करें, लेकिन पूरी क्षमता के साथ उसी क्षेत्र में कड़ी मेहनत करें, सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। एसपी श्री शुक्ल ने विशेष आग्रह करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी अपने माता-पिता एवं अपने गुरुजनों का हमेशा आदर और सम्मान करें।
डिजिटल अरेस्ट और साइबर खतरों से स्वयं किया सावधान
तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ बढ़ रहे अपराधों पर चिंता जताते हुए उन्होंने छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड जैसे— ऑनलाइन गेमिंग, फेक लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और हाल ही में चल रहे *’डिजिटल अरेस्ट’* जैसे हथकंडों के प्रति गहराई से सचेत किया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी कभी भी डिजिटल तरीके से किसी को अरेस्ट नहीं करती, इसलिए ऐसी कॉल्स से डरने के बजाय सतर्क रहें और तुरंत अपने माता-पिता व पुलिस को बताएं।
थाना प्रभारी श्री बलजीत सिंह बिसेन ने दिए सुरक्षा टिप्स और 1930 हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम में थाना प्रभारी बड़वानी श्री बलजीत सिंह बिसेन ने भी विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने को कहा। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए कहा कि किसी भी अनजान एप्लीकेशन एवं अनजान कॉल्स पर किसी को भी अपनी पर्सनल डिटेल्स (व्यक्तिगत जानकारी) साझा न करें।
यदि कोई अनजान व्यक्ति किसी भी तरह की धोखाधड़ी की बात करे, तो तत्काल *टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930* पर कॉल कर साइबर सेल के अधिकारियों तक इसकी जानकारी दें। उन्होंने विद्यार्थियों से इस जागरूकता को अपने गांव, पड़ोसी और रिश्तेदारों तक भी पहुंचाने की बात कही।
बालिकाओं का सम्मान और सीधा संवाद
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने बिना किसी झिझक के पुलिस अधीक्षक के सामने अपने सवाल रखे, जिसके एसपी श्री शुक्ल ने बेहद सरल और आत्मीयता से जवाब दिए। इस सीधे संवाद के दौरान साइबर जागरूकता से जुड़े सवालों का सबसे सटीक उत्तर देने वाली सजग बालिकाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं पुरस्कृत और सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य रूप से थाना प्रभारी थाना कोतवाली बड़वानी निरीक्षक श्री बलजीत सिंह बिसेन, साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक रितेश खत्री, साइबर टीम, संस्था के प्राचार्य श्री अनिल मिश्रा, मुख्य परामर्शदाता श्री मोतीलाल सोलंकी, काउंसलर श्रीमती अनीता चोयल, शिक्षक श्री संदीप शर्मा, श्रीमती अर्चना जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
